
अपनी भौंहों को आकार देना मेकअप का एक आवश्यक हिस्सा है। क्या आपको कभी-कभी अपनी भौंहें बनाने में परेशानी होती है? यहाँ पर दिए गए सबसे अच्छे उपाय देखें, जिनकी मदद से आप आसानी से सबसे खूबसूरत भौंहें पा सकती हैं। लाइफ-सेविंग ब्रो मेकअप हैक जानने के लिए आगे पढ़ें - जिन्हें मेकअप आर्टिस्ट भी इस्तेमाल करते हैं।
भौंहों की दैनिक देखभाल - सुंदर ब्रो मेकअप का राज़
इससे पहले कि आप अपनी भौंहें बनाने और सबसे सुंदर मेकअप लगाने के बारे में सोचें, इस बात का ध्यान रखें कि आप अपनी भौंहों का अच्छे से ध्यान रखती हों। बाल जितने स्वस्थ रहेंगे, उतने ही ज़्यादा अच्छे लगेंगे। अगर आपकी भौंह के बाल मजबूत, मोटे और घने हैं तो आप निश्चित रूप से खूबसूरत मेकअप पा सकती हैं, जिसे पतली, खाली भौंहों पर करना मुश्किल होता है।
स्वस्थ, बेहतर भौंहें पाने के लिए क्या प्रयोग करें? ज़ाहिर तौर पर, ब्रो सीरम सबसे ज़्यादा असरदार होता है - सोने से पहले इसे हर दिन नियमित रूप से इस्तेमाल करें। जल्दी ही आपकी भौंहें खूबसूरत हो जाएंगी!
सुंदर भौंहों के लिए सबसे अच्छे मेकअप के उपाय
खूबसूरत ब्रो मेकअप कोई ऐसी चीज़ नहीं है जो ऐसे ही मिल जाती है - सबसे अच्छा प्रभाव पाने के लिए आपको पता होना चाहिए कि इसे कैसे लगाया जाता है और थोड़ी मेहनत करनी पड़ती है।
#1 मेकअप लगाने से पहले अपनी भौंहों पर पाउडर लगाएं
यह उपाय उन लोगों के लिए कारगर साबित होगा जिनकी भौंहों में घनापन नहीं है या उनकी त्वचा तैलीय है। भौंहों पर ट्रांसपेरेंट बम्बू, मिनरल या राइस पाउडर लगाएं - यह मैट फिनिश देगा और अतिरिक्त तेल को सोख लेगा। इसका मतलब है कि आपका मेकअप लंबे समय तक टिका रहेगा और कॉस्मेटिक अपनी जगह से नहीं हिलेगा।
#2 एंगल्ड ब्रश लें
आपको पता है, मेकअप आर्टिस्ट्स अपना काम करते समय पतले, एंगल्ड ब्रश के बिना नहीं रह सकते? इतने छोटे से टूल से आप मोटी या पतली रेखाएं बना सकती हैं। ब्रश के सबसे पतले हिस्से से आप प्राकृतिक दिखने वाली, सटीक, खूबसूरत भौंहें बनाने के लिए उन्हें अच्छी तरह से भर सकती हैं। अच्छी क्वालिटी वाली एक्सेसरीज़ का प्रयोग करें, जिनसे आप प्राकृतिक दिखने वाले बाल पा सकती हैं। आप एंगल्ड ब्रश का उपयोग ब्रो पोमेड, पाउडर और वैक्स लगाने के साथ-साथ अन्य मेकअप उत्पादों को मिलाने के लिए भी कर सकती हैं।
#3 मेकअप लगाने के बाद भौंहों पर ब्रश करें
भौंहों को भरते समय, हो सकता है कि फिलर भौंहों पर समान रूप से न लग पाए। इसे सुचारु रूप से पूरी भौंहों में कैसे फैलाएं? आपको बस एक उपयोगी स्पूली की ज़रूरत पड़ेगी, जो तेज़ किनारों को कोमल बनाती है और एक-समान कवरेज सुनिश्चित करती है।
#4 बेहद तेज़ ब्रो मेकअप उपाय
जहाँ तक ब्रशों की बात है, एक ऐसा हैक है जो तेज़ी से आपको खूबसूरत भौंहें देगा! यह भौंहें बनाने का दुनिया का सबसे तेज़ तरीका है - आपको बस एक स्पूली और बेज या भूरे रंग की ब्रो पेंसिल की ज़रूरत होती है। स्पूली पर बिल्कुल थोड़ा सा उत्पाद लगाएं और भौंहों में ब्रश करें। इस तरह आप उन्हें तेज़ी से परिभाषित कर सकती हैं और आकार दे सकती हैं।
#5 तेज़ किनारों से बचें
भौंहों की ऊपरी रेखा को कोमल बनाना न भूलें और तेज़ आकार से बचें। अगर आप तेज़ और मोटी रेखाएं बनाती हैं तो आप कार्टून जैसी लग सकती हैं, जो ज़ाहिर तौर पर दिखने में अच्छा नहीं लगेगा।
#6 अपनी भौंहों को थोड़ी और गहराई दें
मेकअप आर्टिस्ट्स सालों से यह उपाय इस्तेमाल कर रहे हैं: एक न्यूड ब्रो/आई पेंसिल या कंसीलर लें और इसे निचली ब्रो लाइन के नीचे लगाएं - ऊपर की लाइन कोमल और प्राकृतिक होती है जबकि नीचे की लाइन समान और सटीक होती है। इससे आपको प्राकृतिक लगने वाली भौंहें मिलती हैं, भौंहों को ऊंचाई मिलती है और पूरा चेहरा तरोताज़ा और रिलैक्स लगता है।
#7 ब्रो जेल से अपनी भौंहों को काबू करें
अगर आपकी भौंहें बेकाबू और बिखरी हैं तो सबसे अच्छे मेकअप उत्पाद भी बेकार साबित होंगे। सबसे अच्छा आकार पाने और इसे बनाये रखने के लिए, आपको एक क्लियर या टिंटेड ब्रो जेल की ज़रूरत पड़ेगी। यह बेकाबू बालों को नियंत्रित रखने का बेहतरीन आईडिया है। एक अच्छा जेल सबसे मोटी और घनी भौंहों को भी आकार देगा और सुंदर बनाये रखेगा।
#8 सही रंग चुनें
अच्छी क्वालिटी वाले उत्पाद ही एकमात्र राज़ नहीं है जो ब्रो आर्टिस्ट्स के पास हैं - रंग भी मायने रखते हैं। आपको पता है, अगर आप सही मेकअप चाहती हैं तो आपको कम से कम दो शेड्स की ज़रूरत होगी? उदाहरण के लिए, आप खाली भौंहों को भरने के लिए कूल शेड वाले ब्रो पाउडर, मार्कर या पेंसिल का उपयोग कर सकती हैं, लेकिन फिर आपको मोटी, बहुत ज़्यादा बोल्ड आर्च से बचने के लिए हल्के रंग का इस्तेमाल करना चाहिए। कुछ शेड्स के साथ, आप प्राकृतिक दिखने वाला ओंब्रे प्रभाव बना सकती हैं: हल्के पाउडर से शुरू करें और धीरे-धीरे थोड़े गहरे रंग जोड़ें।
#9 संतुलन बनाये रखना ज़रूरी है
अगर आप सुंदर ब्रो लुक पाना चाहती हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि आपकी भौंहें मेकअप के दूसरे अवयवों के अनुरूप हों। अगर आप बोल्ड स्मोकी आई चाहती हैं तो आर्च को भी बोल्ड रखें। दिन के मेकअप के लिए थोड़ा हल्का मेकअप बेहतर होता है। अच्छे मेकअप के लिए संतुलन बनाये रखना बहुत ज़रूरी है।
#10 ब्रो स्टेंसिल्स से बचें
ब्रो स्टैंसिल मनचाहा ब्रो शेप पाने का सबसे आसान तरीका लगते हैं, लेकिन, इस बात का ध्यान रखना ज़रूरी है कि वो आपकी चेहरे की ख़ास विशेषताओं के अनुरूप नहीं होते हैं। हम सभी के चेहरे के आकार, आँखों के आकार, आँखों के आंतरिक और बाहरी कोने, आँख और नाक के बीच की दूरी आदि अलग-अलग हैं। यही कारण है कि हम स्टेंसिल्स के बजाय ब्रो मैपिंग का सुझाव देते हैं - जिससे आप सबसे सुंदर ब्रो शेप बना पाएंगी, जो आपके चेहरे के आकार से मेल खाता हो।